उत्तराखंड के 206 मदरसों में शुक्रवार की छुट्टी खत्म, अब स्कूलों जैसा होगा साप्ताहिक अवकाश

शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त और आवेदन करने वाले मदरसों पर लागू होगी नई व्यवस्था, 30 हजार से अधिक विद्यार्थियों की शिक्षा व्यवस्था में बदलाव

देहरादून । उत्तराखंड में शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त और मान्यता के लिए आवेदन करने वाले 206 मदरसों में अब शुक्रवार को साप्ताहिक छुट्टी नहीं होगी। राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नई व्यवस्था के तहत इन मदरसों में अन्य विद्यालयों की तरह निर्धारित साप्ताहिक अवकाश लागू होगा।

प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी के अनुसार, प्रदेश के 206 मदरसों में 30 हजार से अधिक विद्यार्थी मुख्यधारा की शिक्षा से जुड़ चुके हैं। अब यहां धार्मिक शिक्षा के साथ सामान्य विद्यालयों की तर्ज पर पढ़ाई भी कराई जा रही है।

प्रदेश में अब तक 76 मदरसों को शिक्षा विभाग से मान्यता मिल चुकी है, जबकि 114 मदरसों ने मान्यता के लिए आवेदन किया है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक कुंवर सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि मान्यता प्राप्त मदरसों को सरकारी विद्यालयों के नियमों का पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button