जेएनयू की दीवारों पर नए नारे, अखंड भारत और लव जिहाद के पोस्टरों से गरमाई सियासत
जामिया के बाद जेएनयू में भी वैचारिक टकराव तेज, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तस्वीरें चस्पा होने से बढ़ी चर्चा
नई दिल्ली। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में दीवारों पर लिखे नारों और चस्पा किए गए पोस्टरों को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। परिसर में ‘अखंड भारत’ और ‘स्टॉप लव जिहाद’ जैसे नारे लिखे गए हैं। इसके अलावा राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विश्वविद्यालय से बर्खास्त प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम की तस्वीरें भी चस्पा की गई हैं।
इस घटनाक्रम ने विश्वविद्यालय परिसर में राजनीतिक और वैचारिक बहस को फिर तेज कर दिया है। इससे पहले जेएनयू की दीवारों पर ‘फ्री उमर खालिद’ और ‘लॉन्ग लिव नक्सलबाड़ी’ जैसे नारे लिखे जाने की खबर सामने आई थी। वीर सावरकर के चित्र के साथ आपत्तिजनक लेखन का मामला भी चर्चा में रहा।
इससे ठीक एक दिन पहले जामिया मिल्लिया इस्लामिया में भी दीवारों पर विवादित नारे लिखे गए थे। वहां छात्र संघ चुनाव बहाल करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर छात्र भूख हड़ताल कर रहे हैं। दोनों विश्वविद्यालयों में घटनाओं ने परिसर के माहौल को चर्चा का विषय बना दिया है।


