तिरंगा मार्च से पहले अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस का नोटिस, कनॉट प्लेस में प्रदर्शन पर रोक
शाम पांच बजे सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित मार्च से पहले सुरक्षा कड़ी, नई दिल्ली में छह हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात; पुलिस ने वैकल्पिक स्थान पर तिरंगा फहराने का दिया प्रस्ताव।
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के प्रस्तावित तिरंगा मार्च से पहले दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है। शुक्रवार को दिपके के ठहरने के स्थान पर 20 से अधिक पुलिसकर्मी पहुंचे और उन्हें कनॉट प्लेस में प्रदर्शन नहीं करने का नोटिस दिया।
दिपके ने शुक्रवार शाम पांच बजे सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च आयोजित करने का आह्वान किया था। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत लागू निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए मार्च की अनुमति नहीं दी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली क्षेत्र में छह हजार से अधिक पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 220 कंपनियों की तैनाती की गई है।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के सीमित समूह को वैकल्पिक स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का प्रस्ताव दिया है। वहीं, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने प्रशासनिक कारणों से शुक्रवार और शनिवार को सेंट्रल पार्क बंद रखने की जानकारी दी।
इस बीच, मार्च के खिलाफ व्यापारिक संगठनों की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई 26 अक्तूबर को सूचीबद्ध की गई है।




