दिल्ली के स्कूल में 12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत, गार्ड रूम के पीछे जली हालत में मिला शव
कृष्णा नगर में घटना से मचा हड़कंप, पुलिस ने घटनास्थल सील कर स्कूल बैग और अन्य सामग्री जब्त की; जांच में जुटी अपराध एवं फॉरेंसिक टीमें
दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके में एक स्कूल परिसर के अंदर करीब 18 वर्षीय छात्रा का जली हुई हालत में शव मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, स्कूल में आग लगने की घटना को लेकर सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम को गार्ड रूम के पीछे छात्रा झुलसी हुई हालत में मिली। जांच के दौरान अपराध शाखा और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने छात्रा का स्कूल बैग और वहां से मिली अन्य सामग्री भी जब्त कर ली है।
घटना के बाद परिसर में जांच की कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रा की मौत के कारणों और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।


