बुलंदशहर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, 29 घायल
बेलोन स्थित बेला भवानी मंदिर जा रहे थे श्रद्धालु, चार की हालत गंभीर; घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया
बुलंदशहर। जिले में डिबाई-नरौरा मार्ग पर बेलोन के पास शनिवार रात श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 29 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के प्यारली गांव से बेलोन स्थित सर्वमंगला बेला भवानी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे मंदिर से कुछ दूरी पहले डिबाई-नरौरा मार्ग पर ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डिबाई में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चार घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक खड़े होने से डिबाई-नरौरा मार्ग पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है




