राष्ट्रपति मुर्मू का रायपुर में आह्वान: युवा किताबें पढ़ें, बड़े सपने देखें; छत्तीसगढ़ में आतंक के अंधेरे की जगह फैल रहा विकास का उजाला
रायपुर के ‘सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने युवाओं को निरंतर सीखने, नैतिकता और समाज सेवा से जुड़ने का संदेश दिया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रायपुर में आयोजित ‘सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवाओं से किताबें पढ़ने, बड़े सपने देखने और अपनी सफलता को राष्ट्र सेवा से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में कुछ नया करने और अपनी पहचान स्थापित करने की ललक होनी चाहिए।
नुआखाई पर्व का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने इसे सांस्कृतिक सद्भाव, कृषि परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का उत्सव बताया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के सकारात्मक बदलाव का उल्लेख करते हुए प्रसन्नता जताई कि केंद्र और राज्य सरकारों के प्रयासों से प्रदेश के युवा नक्सलवाद के भटकाव से मुक्त होकर मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि “जहां कभी आतंक का अंधेरा था, वहां आज विकास का उजियारा फैल रहा है।” इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी छत्तीसगढ़ और ओडिशा के सांस्कृतिक संबंधों और ओड़िया समाज के योगदान पर अपने विचार रखे।
