ईरान पर परमाणु हमला नहीं करेंगे ट्रंप, ‘मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स’ के इस्तेमाल पर क्या बोले अमेरिकी राष्ट्रपति?
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा और परमाणु ठिकानों पर हमले के विकल्पों का किया जिक्र, रूस-चीन के साथ परमाणु निरस्त्रीकरण पर बातचीत की भी कही बात।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से इनकार किया है। एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी उद्देश्यों को हासिल करने के लिए परमाणु हथियारों की जरूरत नहीं है। हालांकि, रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिकी सेना ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे और परमाणु ठिकानों पर हमले के विकल्प तैयार कर रही है। इनमें ‘मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स’ के इस्तेमाल की संभावना भी शामिल बताई गई है। यह एक अत्यंत शक्तिशाली पारंपरिक बम है, परमाणु हथियार नहीं।
ट्रंप ने ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी हमलों से ईरान के परमाणु ठिकानों को नुकसान पहुंचा है।
रूस और चीन पर बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका परमाणु क्षमता के मामले में आगे है, लेकिन चीन तेजी से अंतर कम कर सकता है। उन्होंने रूस और चीन के साथ परमाणु निरस्त्रीकरण पर बातचीत की बात भी कही।


