ऊर्जा सहयोग बढ़ाने जामनगर पहुंचे मार्को रूबियो, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भी नजर
विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुंबई में हुई अहम वार्ता, रूबियो बोले- व्यापार समझौता अंतिम चरण के करीब
मुंबई अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो बुधवार को मुंबई से गुजरात के जामनगर के लिए रवाना हुए। उनके इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा सहयोग, वाणिज्यिक निवेश और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है। जामनगर में रिलायंस के विशाल तेल शोधन परिसर के कारण ऊर्जा क्षेत्र की चर्चाओं को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
इससे पहले मुंबई में रूबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठक की। दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। साथ ही, प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
रूबियो ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण के करीब है और अगले कुछ हफ्तों में इसे अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समझौते से जुड़े कुछ तकनीकी मुद्दों पर अभी सहमति बननी बाकी है। उनके अनुसार, सार्वजनिक घोषणा से पहले दोनों देशों के बीच प्रत्येक बिंदु पर पूर्ण सहमति आवश्यक है।
यह दौरा दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।