ग्वालियर हादसा: गूगल मैप देखते हुए ट्रक चला रहा था चालक, 15 की मौत

शीतला माता मंदिर के पास श्रद्धालुओं की भीड़ पर चढ़ा धान से भरा ट्रक, 26 लोग घायल; चालक-मालिक गिरफ्तार, लापरवाही के आरोप में आठ पुलिसकर्मी निलंबित

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। हादसा शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। उस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे कतार में खड़े थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धान से भरा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिस जांच चौकी तोड़ते हुए श्रद्धालुओं को कुचल गया और मंदिर की दीवार व द्वार से जा टकराया। बताया जा रहा है कि चालक मोबाइल पर गूगल मैप देखकर रास्ता तय कर रहा था। चालक ने ब्रेक फेल होने की बात भी कही। पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर लापरवाही के आरोप में आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। झांसी रोड के नगर पुलिस अधीक्षक को भी हटाया गया है। सरकार ने घायलों का निशुल्क उपचार कराने की घोषणा की है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button