स्टारलिंक विवाद पर मस्क को रिलायंस का जवाब
कहा- प्रतिस्पर्धा से कभी पीछे नहीं हटे, भारत में कारोबार करने वाली हर कंपनी को समान नियमों और कानूनों का करना होगा पालन
नई दिल्ली। भारत में स्टारलिंक की शुरुआत को लेकर जारी विवाद के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एलन मस्क के आरोपों का जवाब दिया है। कंपनी ने कहा कि वह भारतीय उपग्रह संचार क्षेत्र में स्टारलिंक समेत सभी कंपनियों के साथ प्रतिस्पर्धा का स्वागत करती है। हालांकि, सभी कंपनियों को भारतीय कानूनों और नीतियों का पालन करना होगा।
रिलायंस ने अपने बयान में कहा कि भारत सरकार घरेलू और विदेशी कंपनियों के लिए समान प्रक्रिया अपनाती है। कंपनी की अपनी उपग्रह संचार सेवाओं को भी अभी मंजूरी का इंतजार है। रिलायंस ने जियो की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2016 में शुरुआत करने वाली कंपनी ने दस वर्षों में 53 करोड़ से अधिक ग्राहकों का भरोसा जीता है।
दरअसल, एलन मस्क ने आरोप लगाया था कि कुछ निहित स्वार्थ वाले लोग भारत में स्टारलिंक की शुरुआत में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने भारतीय दूरसंचार क्षेत्र में एकाधिकार जैसी स्थितियों पर भी सवाल उठाए थे। मस्क का कहना है कि स्टारलिंक के आने से भारतीय उपभोक्ताओं को अधिक विकल्प मिलेंगे और प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।
रिलायंस ने स्पष्ट किया कि वह मुकाबले से नहीं डरती और प्रतिस्पर्धा को बेहतर सेवाएं देने का अवसर मानती है। कंपनी का कहना है कि भारतीय बाजार में काम करने वाली प्रत्येक कंपनी को समान नियमों के तहत उपभोक्ताओं की सेवा करनी चाहिए।




