काकीनाडा में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 18 की मौत

वेटलापालेम स्थित यूनिट में धमाके के बाद लगी आग; सीएम एन. चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख, राहत के निर्देश

आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले के वेटलापालेम क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना गोदावरी नहर के पास स्थित सूर्यश्री फायर वर्क्स केंद्र में करीब दोपहर 2 बजे हुई। विस्फोट इतना तीव्र था कि आसपास का इलाका दहल उठा और कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री परिसर आग की लपटों में घिर गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाके की आवाज लगभग पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पास के एक निजी स्कूल की छत में दरारें पड़ गईं। हादसे के समय फैक्ट्री में लगभग 20 कर्मचारी कार्यरत थे।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें दो फायर इंजनों के साथ मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। राहत एवं बचाव कार्य देर शाम तक जारी रहा। गंभीर रूप से घायल कम से कम आठ लोगों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगालापुडी अनीता ने बताया कि अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और छह अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस दुखद हादसे ने उन्हें स्तब्ध कर दिया है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की लगातार निगरानी का आश्वासन भी दिया।

प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती आशंका है कि फैक्ट्री में ज्वलनशील सामग्री के भंडारण या सुरक्षा मानकों में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

यह घटना एक बार फिर पटाखा उद्योग में सुरक्षा मानकों के पालन पर सवाल खड़े करती है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने और घायलों के समुचित इलाज का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Back to top button