नोएडा के 7 निजी स्कूलों पर डीएम का बड़ा एक्शन, फीस बढ़ाने पर लगा जुर्माना
निर्धारित सीमा से अधिक फीस वसूलने और अतिरिक्त वार्षिक शुल्क लेने पर प्रत्येक स्कूल पर एक लाख रुपये का अर्थदंड
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर में निजी स्कूलों की मनमानी फीस वसूली पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई जिला शुल्क नियामक समिति की बैठक में जांच के दौरान सात निजी स्कूल फीस नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। इसके बाद सभी स्कूलों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
समिति की जांच में छह स्कूलों द्वारा निर्धारित 7.23 प्रतिशत की सीमा से अधिक फीस बढ़ाने का मामला सामने आया, जबकि एक अन्य स्कूल अतिरिक्त वार्षिक शुल्क वसूलता पाया गया। इसे उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निजी स्कूल निर्धारित नियमों के अनुसार ही फीस तय करें और अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न डालें। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाले शिक्षण संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से उन अभिभावकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि की शिकायत कर रहे थे। जिला शुल्क नियामक समिति ने कहा कि शिक्षा के अधिकार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे मामलों की नियमित निगरानी की जाएगी।


