दुष्कर्मी उस्मान के राजमिस्त्री से लेकर ठेकेदार बनने तक की कहानी, आरोपी ने कितनी की शादियां?

नैनीताल: नैनीताल में दुष्कर्म करना वाला दरिंदा उस्मान चार दशक पहले शहर में सिर्फ एक राजमिस्त्री की हैसियत लेकर आया था। इसके बाद उस्मान शहर का नामी ठेकेदार बन गया। करोड़ों रुपये के ठेकों के कार्य करने वाला उस्मान अपने बच्चों को भी अच्छे ओहदों तक पहुंचाने में सफल हो गया। उस्मान राजमिस्त्री का काम करने नैनीताल आया था। उसने राज्य अतिथिगृह में यही काम किया। इसके बाद कई ठेकेदारों के साथ राजमिस्त्री का कार्य करता रहा। कुछ ही समय बाद वह छोटे-छोटे ठेके लेने लगा। करीब तीन दशक पहले वह लोनिवि में बतौर ठेकेदार पंजीकृत हुआ। इस समय वह सी क्लास का ठेकेदार है।
इसके अलावा वह नगर पालिका समेत अन्य विभागों में भी पंजीकृत ठेकेदार है। नगर के सौंदर्यीकरण के तहत हो रहे कार्यों में भी वह शामिल रहा। पालिका के ठीक पीछे पुराने घोड़ा स्टैंड क्षेत्र के काम भी उसी पर रहे। सूत्रों के अनुसार हाल ही में प्रतिष्ठित निजी संस्था का लगभग ढाई करोड़ का ठेका उसके नाम पर हुआ है।
उस्मान की हुईं दो शादियां
दुष्कर्म के आरोपी ठेकेदार की दो शादियां हुईं। तीन बच्चों में से एक यहीं सरकारी डॉक्टर है, दूसरा लोनिवि में अभियंता हैं। उसके जानने वाले लोगों के बीच यही चर्चा है एक आरोप ने उसकी वर्षों की साख पर धब्बा लगा दिया है।
बाजार से अपने घर ले गया और गैराज में कार खड़ी कर किया दुराचार
नैनीताल में बालिका से दुष्कर्म के मामले में उसकी मां की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें कहा गया है कि ठेकेदार उस्मान बच्ची को बाजार से अपने घर ले गया और वहां गैराज में खड़ी कार में उससे दुराचार किया। विरोध किया तो चाकू दिखाते हुए उसके मुंह पर कपड़ा बांध दिया। घटना बताने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दे दी थी। तहरीर में मां ने बताया कि पहली शादी से उसकी दो बेटियां हैं, जो एक निजी स्कूल में कक्षा सात और आठ में पढ़ती हैं।
उसकी दूसरी शादी 2016 में यूपी के संभल जिले में हुई है। यहां रह रही बच्चियों की देखरेख के लिए वह संभल से आती-जाती रहती है। आगे बताया कि पिछले कुछ दिनों से वह संभल में ही थीं। उसकी छोटी बेटी 12 अप्रैल की शाम बाजार से सामान खरीदने गई थी। वहीं से ठेकेदार उस्मान उसे दो सौ रुपये का लालच देकर अपने घर ले गया। फिर गैराज में खड़ी कार में उससे दुष्कर्म किया।