विमान हादसे में विजय रूपाणी का निधन, बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे पूर्व मुख्यमंत्री

अहमदाबाद:  अहमदाबाद में गुरुवार को एयर इंडिया के विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया। गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने इसकी पुष्टि की है। रूपाणी अपनी बेटी से मिलने जा रहे थे। हादसे की खबर मिलने के बाद से रूपाणी के घर पर मातम पसरा हुआ था। अब उनके निधन की खबर मिलने के बाद उनके रोते-बिलखते परिजनों की तस्वीरें भी सामने आई हैं। इससे पहले रूपाणी की एक ओर तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी, जिसमें वह विमान में बैठे हुए नजर आ रहे थे।

सी आर पाटिल ने कहा, हमारे नेता पूर्व मुख्यमंत्री रूपाणी इसी उड़ान में अपने परिवार से मिलने के लिए लंदन जा रहे थे। वह भी इस हादसे के शिकार हुए हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। उन्होंने आगे कहा, यह हादसा इतना बड़ा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं गुजरात पहुंच रहे हैं। वह जो भी कर सकते हैं, यहां आकर वह करेंगे।

रूपाणी 68 साल के थे। वह 2016 से 2020 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। मुख्यमंत्री बनने से पहले रुपाणी जुलाई, 2006 से 2012 के बीच राज्यसभा सदस्य रहे। साल 2014 में गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री बने नरेंद्र मोदी की जगह आनंदीबेन पटेल ने ली थी। इसके लगभग दो साल बाद अगस्त, 2016 में विजय रुपाणी मुख्यमंत्री बने थे। पहले कार्यकाल में रुपाणी अगस्त, 2016 से दिसंबर, 2017 तक सीएम पद पर रहे। इसके बाद उन्होंने दिसंबर, 2017 से सितंबर, 2021 के बीच मुख्यमंत्री पद संभाला। वह पांच साल 37 दिन तक मुख्यमंत्री रहे।

नगर निगम, विधानसभा से लेकर संसद तक की राजनीति
रुपाणी ने फरवरी से अगस्त, 2016 के बीच गुजरात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में भी काम किया था। इससे पहले वर्ष 1996-97 में रुपाणी राजकोट नगर निगम के मेयर भी रहे थे। सियासत से इतर बात रुपाणी के निजी जीवन की करें तो विजय रुपाणी ने भाजपा महिला विंग की सदस्य अंजलि से शादी की। रुपाणी के परिवार में एक बेटा ऋषभ और बेटी राधिका हैं। बेटी शादीशुदा है।

Related Articles

Back to top button