बचे हुए पटाखे बने खतरा: बच्चे के हाथ में फटा अनार बम, अलवर अस्पताल में भर्ती

दीपावली की खुशियां तिजारा कस्बे में एक परिवार के लिए दर्दनाक हादसे में बदल गईं। सोमवार रात पटाखे फोड़ते समय 8 वर्षीय बालक तरुण सैनी गंभीर रूप से झुलस गया। बताया जा रहा है कि अनार बम उसके हाथ में फट गया, जिससे उसका चेहरा और दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए।
स्थानीय निवासी राजेश सैनी के पुत्र तरुण के साथ यह हादसा घर के अंदर हुआ। बच्चे के चाचा हरिराम सैनी ने बताया कि तरुण घर में ही अनार बम चला रहा था, तभी वह अचानक हाथ में फट गया।
परिजनों ने घायल बच्चे को तुरंत तिजारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी आंख में गंभीर चोट होने के कारण उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार, तरुण की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन झुलसने की वजह से अभी खतरा बना हुआ है। परिवार ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को पटाखे खेलने के दौरान अकेला न छोड़ें ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।




