अलवर में बाइक चोरी की वारदात, मकान के बाहर से दो चोर लेकर फरार

अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदात सामने आई है। दयानंद नगर स्थित शुभम बिल्डर्स के पास मकान के बाहर खड़ी बाइक को दो अज्ञात चोर चुरा ले गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
फुटेज में दिखाई देता है कि पहले एक चोर बाइक के पास पहुंचा और करीब 30 सेकंड में उसका लॉक तोड़ दिया। कुछ देर बाद उसका साथी आया और बाइक को स्टार्ट कर फरार हो गया।
पीड़ित लखपत खान ने बताया कि सोमवार को उनके बेटे की शादी थी और पूरा परिवार तैयारियों में व्यस्त था। देर रात करीब 11:30 बजे चोरों ने मौका पाकर बाइक का ताला तोड़ दिया। जब बाइक की जरूरत पड़ी तो पता चला कि वह गायब है। इसके बाद परिवार ने आस-पास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए, जिनमें पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली।
लखपत खान ने बताया कि उनके बेटे ने बाइक मकान के गेट के बाहर खड़ी की थी। कुछ ही देर में चोरों ने उसे चुरा लिया। घटना की सूचना कंट्रोल रूम के जरिए पुलिस को दी गई है। फिलहाल वैशाली नगर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।





