खुशखेड़ा थाने में मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

अलवर जिले के भिवाड़ी के खुशखेड़ा क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सहारनपुर निवासी 25 वर्षीय गौरव का शव 3 नवंबर को कंपनी के क्वार्टर में फांसी के फंदे से लटका मिला बताया गया, लेकिन परिजनों ने शव पर फंदे के निशान न मिलने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
पिता ने जताया हत्या का शक
मृतक के पिता कौशल किशोर ने खुशखेड़ा थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। उनके अनुसार, गौरव कुछ समय पहले नौकरी की तलाश में टपूकड़ा तहसील के खुशखेड़ा क्षेत्र आया था और एरोलम कंपनी में काम करता था। वह कंपनी के सुपरवाइजर राहुल और ठेकेदार विजय यादव के अधीन कार्यरत था और कंपनी के क्वार्टर में ही रहता था।
4 नवंबर को पिता ने जब बेटे को फोन किया तो कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि गौरव ने 3 नवंबर की शाम करीब 6 बजे अपने क्वार्टर में फांसी लगा ली है।
फांसी के निशान नहीं मिले, पिता ने जताया संदेह
कौशल किशोर ने बताया कि 5 नवंबर को वे हाथरस से टपूकड़ा सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गौरव की मौत की पुष्टि की। शव देखने के बाद उन्हें फांसी के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले, जिस पर उन्होंने हत्या की आशंका जताई और आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप दिया गया है।
खुशखेड़ा पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस ने कंपनी के स्टाफ और ठेकेदार से पूछताछ शुरू कर दी है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।





