रोहित शेट्टी हाउस फायरिंग केस: पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद

मुंबई क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हरियाणा से बरामद की बंदूक, फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया हथियार

फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच कर रही मुंबई क्राइम ब्रांच ने उस हथियार को बरामद कर लिया है, जिससे 1 फरवरी को रोहित शेट्टी के घर पर पांच राउंड फायरिंग की गई थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हरियाणा से इस हथियार को बरामद किया गया है। आरोपी ने फायरिंग के बाद हथियार को वहां छिपा दिया था। बरामद बंदूक को अब कलीना स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा गया है, जहां इसका बैलिस्टिक टेस्ट किया जाएगा। इस जांच के जरिए वैज्ञानिक रूप से यह पुष्टि की जाएगी कि इसी हथियार से रोहित शेट्टी के घर पर गोलियां चलाई गई थीं।

अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार, मकोका के तहत कार्रवाई

इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शुरुआती जांच में पुणे के पास से पांच आरोपियों को पकड़ा गया था, जिन पर मकोका (महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट) लगाया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य गायकी, सिद्धार्थ येनपुरे, समर्थ पोमाजी, स्वप्निल साकट और आसाराम फसले उर्फ बाबू (हथियार सप्लायर) शामिल हैं। पुलिस को शक है कि इस फायरिंग के पीछे संगठित आपराधिक साजिश हो सकती है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है।

हर एंगल से जांच, सुरक्षा बढ़ाई गई

फायरिंग की घटना के बाद से ही रोहित शेट्टी और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। क्राइम ब्रांच धमकी, गैंग कनेक्शन और हथियार सप्लाई नेटवर्क समेत हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस केस में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

वर्क फ्रंट पर व्यस्त हैं रोहित शेट्टी

वर्क फ्रंट की बात करें तो रोहित शेट्टी भारतीय सिनेमा के सबसे सफल डायरेक्टर्स में गिने जाते हैं। वह एक्शन और कॉमेडी फिल्मों के लिए मशहूर हैं। गोलमाल और सिंघम फ्रेंचाइजी के जरिए उन्होंने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड बनाए हैं। हाल ही में रिलीज हुई सिंघम अगेन को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला, जिसमें अजय देवगन, करीना कपूर, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, टाइगर श्रॉफ और दीपिका पादुकोण जैसे सितारे नजर आए।

फिलहाल पुलिस की यह कार्रवाई इस केस में अहम मोड़ मानी जा रही है और आने वाले दिनों में जांच के और नतीजे सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button