सीएम योगी के जापान दौरे से प्रयागराज में लघु उद्योग भारती को बढ़ी उम्मीद
यूनिट मालिकों में उत्साह, एमएसएमई सेक्टर और अधिक मजबूत होगा

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश को औद्योगिक हब बनाने के सीएम योगी सतत प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जापान दौरा एक महत्वपूर्ण और सफल पहल है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम सेक्टर में को लेकर जिस तरह जापान की तरफ से आश्वासन मिला है उससे प्रदेश में इस सेक्टर में बड़े निवेश और निर्यात के रास्ते भी खुल रहे हैं।उद्योग और कौशल विकास के लिए नई तकनीकी का ट्रांसफर और निवेश बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए यूपी के सीएम का जापान दौरा गेम चेंजर साबित होगा। लघु उद्योग भारती के प्रयागराज के जिला अध्यक्ष संजय कुमार जैन का कहना है कि जापान का सहयोग मिलने से उत्तर प्रदेश में एमएसएमई सेक्टर और अधिक मजबूत होगा।
संजय कुमार जैन का मानना है कि सीएम की इस पहल से एमएसएमई क्षेत्र में जापान की तकनीक का हस्तांतरण एक बड़ी उपलब्धि साबित होगी। जिस तरह से जापान ने टेक्नोलॉजी ट्रांसफर के साथ कौशल विकास, संयुक्त उपक्रम, सप्लाई चेन एकीकरण, ऑनलाइन सेलिंग में सक्रिय सहयोग का प्रस्ताव दिया है वह यह दर्शाता है कि उत्तर प्रदेश आने वाले समय एक बड़ा औद्योगिक हब बनने जा रहा है। जापान का निवेश यूपी में होने से प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन होगा। स्थानीय सूक्ष्म ,लघु एवं मध्यम औद्योगिक इकाइयों को भी अपने उत्पाद निर्यात का रास्ता मिलेगा।
प्रयागराज के नैनी इलाके में स्थित एमएसएमई शाह फार्मास्युटिकल के मार्केटिंग और सेल्स प्रबंधक मेराज अहमद का कहना है कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने छोटे , मध्यम और बड़े सभी उद्यमियों के लिए औद्योगिक वृद्धि के लिए उपयोगी वातावरण पैदा किया है। नए कौशल और तकनीकी के प्रदेश में आने से उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर होगी जिससे उसका निर्यात भी बढ़ेगा। जापान के सहयोग से इंडस्ट्री के हाथ मजबूत होंगे।



