योगी सरकार का 376.22 करोड़ निवेश: बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार का अवसर

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के जरिए प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़ और कौशाम्बी के युवाओं को मिल रही आर्थिक मदद और व्यवसाय शुरू करने का अवसर

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के माध्यम से 376.22 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। यह योजना युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक साबित हो रही है।

प्रयागराज के करेली इलाके के डॉ. अनस खान ईद की तैयारियों में व्यस्त हैं। फिजियोथैरेपी की डिग्री हासिल करने के बावजूद उनके पास आमदनी का कोई जरिया नहीं था। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से मिली आर्थिक सहायता के तहत उन्होंने 5 लाख रुपये का ऋण लेकर अपनी फिजियोथैरेपी इकाई सिविल लाइंस में स्थापित की। डॉ. खान का कहना है कि इस योजना के जरिए खरीदी गई मशीनों ने उनके काम की गुणवत्ता बढ़ाई और हर महीने 1-1.5 लाख रुपये की बचत संभव हुई।

योजना का लाभ केवल डॉ. खान तक सीमित नहीं है। प्रयागराज मंडल के चार जिलों – प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़ और कौशाम्बी – में हजारों बेरोजगार युवा अब उद्यमी बन चुके हैं। प्रयागराज जिले में सबसे अधिक 118.23 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है, फतेहपुर में 90.31 करोड़, प्रतापगढ़ में 87.37 करोड़ और कौशाम्बी में 80.31 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। पात्र युवाओं को इस योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का ऋण दिया जा रहा है ताकि वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।

इस अभियान से न केवल युवाओं को स्वरोजगार मिला है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। योजना की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बन रही है और प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में सहायक साबित हो रही है।

Related Articles

Back to top button