एक्शन और कॉमेडी फिल्मों में काम करना चाहती हैं शालिनी पांडे

ऋतिक रोशन और रणवीर सिंह को बताया पसंदीदा, चुनौतीपूर्ण रोल्स की जताई इच्छा

अभिनेत्री शालिनी पांडे ने अपने करियर में अब तक कई अलग-अलग जॉनर की फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया है, लेकिन अब वह एक्शन और कॉमेडी फिल्मों में खुद को आजमाना चाहती हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी फिल्मी पसंद और भविष्य की योजनाओं को लेकर खुलकर बात की।

शालिनी ने कहा कि उन्हें बचपन से खेलों में दिलचस्पी रही है, जिसकी वजह से एक्शन फिल्मों की ओर उनका झुकाव है। उन्होंने बताया कि एक्शन जॉनर का रोमांच उन्हें बेहद आकर्षित करता है और वह इस तरह की फिल्मों में काम करने को लेकर काफी उत्साहित हैं।

कॉमेडी के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा जॉनर है, जिसे वह पूरी तरह एक्सप्लोर करना चाहती हैं। एक दर्शक के तौर पर उन्हें कॉमेडी फिल्में बहुत पसंद हैं और वह चाहती हैं कि इस क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाएं।

पसंदीदा कलाकारों का जिक्र करते हुए शालिनी ने रणवीर सिंह और ऋतिक रोशन को अपना फेवरेट बताया। उन्होंने कहा कि रणवीर हर तरह के किरदार में खुद को ढाल लेते हैं और उनकी हालिया पसंदीदा फिल्म ‘धुरंधर’ है। वहीं ऋतिक को लेकर उन्होंने कहा कि बचपन से उन्हें बड़े पर्दे पर देखकर वह काफी प्रेरित हुई हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो शालिनी ने अपने करियर की शुरुआत तेलुगु फिल्म ‘अर्जुन रेड्डी’ से की थी और हिंदी सिनेमा में उन्होंने रणवीर सिंह के साथ फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार’ से कदम रखा।

अभिनेत्री का कहना है कि वह ऐसे प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनना चाहती हैं, जो उन्हें एक कलाकार के रूप में चुनौती दें और उनके अभिनय को नए आयाम तक ले जाएं।

Related Articles

Back to top button