मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इचकेला की बालिका क्रिकेट टीम को किया सम्मानित
क्रिकेट किट देकर बढ़ाया उत्साह, ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा

विष्णु देव साय ने जशपुर स्थित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम में ग्राम इचकेला की छत्तीसगढ़ बालिका क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को क्रिकेट किट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रतिभाशाली बालिकाओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल अपने जिले बल्कि पूरे राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश दिया कि अनुशासन, समर्पण और नियमित अभ्यास से वे भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।
इचकेला स्थित शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की बालिकाएं क्रिकेट के क्षेत्र में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं। वर्तमान में 17 खिलाड़ी अंडर-17 और अंडर-19 राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जबकि लगभग 40 खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास कर रही हैं।
वर्ष 2025 में सरगुजा संभाग ने अंडर-17 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर 25 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा, जिसमें इचकेला की 9 खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा। इसी तरह अंडर-19 वर्ग में भी टीम ने रजत पदक हासिल किया, जिसमें 8 खिलाड़ी इचकेला से थीं।
इसके अलावा रायगढ़ में आयोजित इंटर-स्टेट क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 में भी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अब तक इस समूह की 11 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षकों संतोष शंकर सोनी और पंडरी बाई की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और उन्हें हर संभव संसाधन व सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

