हॉर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत पहुंचे एलपीजी जहाज, ऊर्जा आपूर्ति सुरक्षित: विदेश मंत्रालय
एमईए ने कहा— चार एलपीजी जहाज सुरक्षित पहुंचे, ऊर्जा जरूरतों पर कोई संकट नहीं

विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि हॉर्मुज स्ट्रेट पार कर एलपीजी से लदे चार जहाज सुरक्षित रूप से भारत पहुंच चुके हैं। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि देश की ऊर्जा आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और स्थिर है तथा सरकार लगातार संबंधित देशों के संपर्क में है ताकि समुद्री मार्गों पर सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत की ऊर्जा नीति 1.4 अरब नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है। इसमें बाजार की गतिशीलता और वैश्विक परिस्थितियों को भी शामिल किया जाता है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में चार एलपीजी जहाज, जो हॉर्मुज स्ट्रेट से होकर आए थे, सुरक्षित रूप से भारतीय बंदरगाहों पर पहुंच चुके हैं। सरकार लगातार ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला की निगरानी कर रही है ताकि किसी प्रकार की बाधा न आए।
पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और हॉर्मुज स्ट्रेट के रणनीतिक महत्व को देखते हुए भारत ने अपनी ऊर्जा सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती है। यह मार्ग वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का एक महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। पेट्रोलियम कंपनियां लगातार आपूर्ति बनाए हुए हैं और डिपो तथा रिटेल आउटलेट्स पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
इसके अलावा, सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक वीडियो को लेकर सरकार ने चेतावनी दी है। मंत्रालय ने कहा कि भारत की ऊर्जा आपूर्ति मजबूत है और किसी तरह की घबराहट की आवश्यकता नहीं है।




