पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित, कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त

मोहला में कलेक्टर के निर्देश पर पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों की निगरानी तेज, हेल्पलाइन नंबर जारी

मोहला जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। पश्चिम मध्य एशिया में उत्पन्न तनावपूर्ण परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन के निर्देश पर प्रशासन ने आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी शुरू की है।

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों और एलपीजी गैस वितरकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री निर्धारित सरकारी दरों पर ही की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अनियमितता, जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का किसी भी प्रकार का व्यावसायिक उपयोग या दुरुपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि किसी भी एजेंसी द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग के अनुसार, वर्तमान में जिले में गैस आपूर्ति की स्थिति सामान्य बनी हुई है। उपभोक्ताओं को शहरी क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर दूसरा गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि यह जानकारी सार्वजनिक रूप से सूचना पटल पर प्रदर्शित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें। पेट्रोल, डीजल और गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, इसलिए अनावश्यक भंडारण से बचने की सलाह दी गई है।

यदि किसी उपभोक्ता को पेट्रोल-डीजल या एलपीजी आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या, अधिक मूल्य वसूली या अनियमितता का सामना करना पड़ता है, तो वे राज्य हेल्पलाइन नंबर 18002333663 या जिला हेल्पलाइन नंबर 07747299613 पर संपर्क कर सकते हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनता के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button