असमय बारिश से फसलों को नुकसान पर योगी सरकार सख्त, जिलाधिकारियों से रिपोर्ट तलब

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत और मुआवजा देने के दिए निर्देश, फसल नुकसान का त्वरित आकलन शुरू

लखनऊ में असमय बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों में किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने गंभीर रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस स्थिति का संज्ञान लेते हुए सभी जिलाधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है ताकि किसी भी प्रभावित किसान को असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

सरकार ने राजस्व विभाग, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को संयुक्त रूप से फसल नुकसान का त्वरित सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वास्तविक नुकसान का सही आकलन हो और प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलाधिकारी फील्ड में रहकर स्थिति का जायजा लें और नुकसान का वास्तविक आंकलन शासन को भेजें। प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को भी निर्देशित किया गया है कि वे लगातार फील्ड अधिकारियों से संपर्क में रहें और समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

सरकार ने आश्वासन दिया है कि जैसे ही फसल नुकसान की रिपोर्ट प्राप्त होगी, मुआवजा वितरण प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी जाएगी ताकि किसानों को शीघ्र राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button