ओडिशा दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मु ने दी शुभकामनाएं, कहा- राष्ट्र निर्माण में राज्य का योगदान अतुलनीय

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गिरिराज सिंह ने भी ओडिशा के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को किया नमन

नई दिल्ली में ओडिशा स्थापना दिवस के अवसर पर देश के शीर्ष नेताओं ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं और ओडिशा की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक विरासत की सराहना की।

द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संदेश जारी करते हुए ओडिशा के लोगों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र-निर्माण में ओडिशा का योगदान अतुलनीय रहा है, जिसने पूरे देश को प्रेरित किया है। उन्होंने राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और जनता के धैर्य की भी सराहना की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी ‘जय जगन्नाथ’ के साथ ओडिशा दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह राज्य अपनी गौरवशाली विरासत, कला, साहित्य और प्राकृतिक संपदा के कारण भारत की पहचान को और मजबूत करता है।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 1936 में ओडिशा के गठन को ऐतिहासिक बताते हुए इसे भाषा आधारित प्रथम स्वतंत्र प्रांत का गौरव बताया। उन्होंने ओडिशा के महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए राज्य की संस्कृति और परंपरा को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी ओडिशा के स्थापना दिवस पर राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ओडिशा अपनी कला, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है और यह देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

ओडिशा दिवस के अवसर पर पूरे देश में राज्य की ऐतिहासिक पहचान और योगदान को याद किया गया तथा इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Related Articles

Back to top button