गाजियाबाद में ऑपरेशन क्लीन स्वीप: 3 अवैध मदरसे सील, 80 हिस्ट्रीशीटर थाने पहुंचे, 600 अपराधियों का सत्यापन
सूर्या हत्याकांड के बाद खोड़ा इलाके में पुलिस-प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, वक्फ निरीक्षक की रिपोर्ट पर तीन मदरसों पर सील, पुराने अपराधियों को दी गई सख्त चेतावनी।

गाजियाबाद में सूर्या हत्याकांड के बाद पुलिस-प्रशासन ने अपराध पर लगाम कसने के लिए “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत कड़ी कार्रवाई शुरू की है। अभियान के तीसरे और अंतिम दिन खोड़ा इलाके में तीन अवैध मदरसों को सील कर दिया गया। प्रशासन की टीम ने मौके पर नोटिस चस्पा किए और संचालकों को अपना पक्ष रखने के लिए एक सप्ताह का समय दिया। कार्रवाई वक्फ निरीक्षक की रिपोर्ट और जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर की गई। अधिकारियों के अनुसार इन मदरसों के पास मान्यता नहीं थी, वे अवैध रूप से संचालित हो रहे थे, पंजीकरण भी नहीं था और परिसर में फायर तथा बिजली सुरक्षा विभाग की अनापत्ति भी मौजूद नहीं थी।
इस अभियान की कमान पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़, डीएम रविंद्र एम और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कैलाश चन्द्र तिवारी की संयुक्त टीम ने संभाली। टीम ने मोहल्ला स्तर पर जांच करते हुए संदिग्ध गतिविधियों, किराएदारों और पुराने अपराधियों की पहचान पर भी काम किया। खोड़ा कॉलोनी में घर-घर जाकर 3 दिनों के भीतर करीब 600 अपराधियों और हिस्ट्रीशीटर्स का सत्यापन किया गया।
पुलिस ने साहिबाबाद, इंदिरापुरम और खोड़ा थानों में करीब 150 पुराने अपराधियों को बुलाकर चेतावनी दी और उनसे भविष्य में अपराध न करने की शपथ दिलवाई। इसी क्रम में करीब 80 हिस्ट्रीशीटर तख्ती लेकर साहिबाबाद थाने पहुंचे और सार्वजनिक रूप से दोहराया कि वे आगे किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होंगे।




