धर्मांतरण मामला: आयुष की डायरी में ‘मिशन’ का खुलासा, पुलिस जांच तेज
घर से मिले मोबाइल, चाकू और उर्दू पर्चे; मौलाना इरफान की भूमिका की भी जांच
शामली में धर्मांतरण से जुड़े मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम सुराग मिले हैं। दवा कारोबारी देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक, जिसने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम मोहम्मद अली रखा था और बाद में कथित रूप से सनातन धर्म में वापसी की थी, के घर से एक डायरी, दो मोबाइल फोन, एक चाकू और उर्दू में लिखे दो पर्चे बरामद किए गए हैं।
डायरी में “मैं एक मिशन पर हूं” जैसे शब्द लिखे मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह नोट किसी मौलाना इरफान के कहने पर लिखा गया हो सकता है, जिसकी भूमिका की अब गहन जांच की जा रही है।
बरामद उर्दू पर्चों पर “अजीमुश्शान इजलास-ए-आम” लिखा हुआ है और इनमें आगामी कार्यक्रम का भी उल्लेख मिला है। इसके अलावा पुलिस को नानूपुरा निवासी मौलाना इरफान की एक तस्वीर भी डायरी के साथ मिली है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार सभी सबूतों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। फिलहाल मामले की जांच कई एंगल से आगे बढ़ाई जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है।




