ईपीएफओ ने बदला यूएएन एक्टिवेशन नियम, अब पोर्टल नहीं बल्कि फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए उमंग ऐप से होगी प्रक्रिया

यूनिफाइड मेंबर पोर्टल अपग्रेड के बाद यूएएन एक्टिवेशन और अलॉटमेंट की सुविधा अब केवल उमंग ऐप पर उपलब्ध होगी।

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने अपने यूनिफाइड मेंबर पोर्टल को तकनीकी अपग्रेड के बाद नए स्वरूप में शुरू कर दिया है। इस बदलाव के साथ यूएएन एक्टिवेशन और यूएएन अलॉटमेंट की सुविधा अब वेब पोर्टल से हटा दी गई है। अब खाताधारकों को यह प्रक्रिया पूरी करने के लिए उमंग ऐप का उपयोग करना होगा, जहां फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के जरिए पहचान सत्यापित की जाएगी।

ईपीएफओ का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य डिजिटल सुरक्षा को और मजबूत बनाना, फर्जीवाड़े की आशंका कम करना और सेवाओं को अधिक तेज व भरोसेमंद बनाना है। फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से सदस्य की पहचान सीधे सत्यापित होगी, जिससे यूएएन से जुड़ी सेवाएं अधिक सुरक्षित तरीके से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

पोर्टल पर अन्य सुविधाएं पहले की तरह जारी रहेंगी, लेकिन नए यूएएन का आवंटन और एक्टिवेशन अब केवल उमंग ऐप के माध्यम से ही किया जाएगा। ईपीएफओ ने सदस्यों से अपील की है कि वे ऐप का नवीनतम संस्करण डाउनलोड करें और भविष्य में किसी असुविधा से बचने के लिए नई प्रक्रिया का पालन करें।

Related Articles

Back to top button