राम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, चंपत राय समेत तीन की सिस्टम आईडी निष्क्रिय

वीआईपी और सुगम दर्शन पास जारी करने की नई व्यवस्था लागू, चढ़ावा प्रबंधन में भी बढ़ाई गई सुरक्षा; नए CEO की नियुक्ति जल्द संभव

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या में राम मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए पूर्व महासचिव चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा और गोपाल राव की वीआईपी एवं सुगम दर्शन पास जारी करने वाली सिस्टम आईडी निष्क्रिय कर दी है। ट्रस्ट ने दर्शन पास जारी करने की जिम्मेदारी अब ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास को सौंपते हुए उनके नाम से नई सिस्टम आईडी सक्रिय कर दी है। अब श्रद्धालुओं के लिए विशिष्ट और सुगम दर्शन पास उनकी संस्तुति के आधार पर जारी किए जाएंगे।

ट्रस्ट ने चढ़ावे की गणना और प्रबंधन को अधिक पारदर्शी तथा सुरक्षित बनाने के लिए नई व्यवस्था भी लागू कर दी है। इस बदलाव का उद्देश्य मंदिर प्रशासन को आधुनिक, व्यवस्थित और जवाबदेह बनाना बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, दर्शन पास जारी करने की पूरी प्रक्रिया अब निर्धारित अधिकारों के तहत संचालित होगी, जिससे अनावश्यक हस्तक्षेप की संभावना कम होगी। ट्रस्ट जल्द ही नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति भी कर सकता है। इस बीच चंपत राय ने ट्रस्ट के फैसलों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्था के हित में लिया गया हर निर्णय सर्वोपरि है और वे सभी बदलावों का समर्थन करते हैं।

Related Articles

Back to top button