राम मंदिर ट्रस्ट में बढ़ी वित्तीय निगरानी, रोजाना होगा आय-व्यय का ऑडिट

नई व्यवस्था लागू, डॉ. कृष्ण मोहन की देखरेख में हर दिन खातों का सत्यापन और लेखा-जोखा तैयार किया जाएगा

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट के खातों की अब रोजाना निगरानी की जाएगी और दैनिक ऑडिट प्रणाली के तहत प्रत्येक दिन होने वाले आय-व्यय का मिलान किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन को खातों की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद चंदन राय और जगदीश आफले ने सहयोगी के रूप में अकाउंट सिस्टम का संचालन संभाल लिया है। दोनों अधिकारियों ने नई व्यवस्था के तहत कामकाज शुरू कर दिया है।

नई प्रणाली में सबसे बड़ा बदलाव डेली ऑडिट व्यवस्था को माना जा रहा है। इसके तहत मंदिर में प्राप्त होने वाले दान और अन्य आय के साथ-साथ होने वाले सभी खर्चों का उसी दिन सत्यापन और लेखा-जोखा तैयार किया जाएगा। पहले नियमित रूप से प्रतिदिन ऑडिट की व्यवस्था नहीं थी।

ट्रस्ट का मानना है कि इस व्यवस्था से वित्तीय प्रक्रियाओं में अधिक पारदर्शिता आएगी और सभी लेन-देन का समयबद्ध रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। हाल के घटनाक्रमों के बीच लागू की गई यह नई व्यवस्था ट्रस्ट की वित्तीय प्रणाली को अधिक व्यवस्थित और जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button