E20 पेट्रोल पर केजरीवाल की केंद्र से अपील, बोले- माइलेज कम है तो कीमत भी घटे
प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर मांगा मिलने का समय, वाहन मालिकों की शिकायतों का उठाया मुद्दा
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ई20 पेट्रोल की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार से पुनर्विचार की मांग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा कि यदि ई20 ईंधन से वाहनों का माइलेज कम मिलता है तो इसकी कीमत भी सामान्य पेट्रोल से कम होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात के लिए समय भी मांगा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने दावा किया कि देशभर के कई वाहन मालिक ई20 पेट्रोल को लेकर असंतोष जता रहे हैं। उनका कहना है कि इस ईंधन के इस्तेमाल से वाहनों का माइलेज घट रहा है और कुछ मामलों में इंजन के पुर्जों पर भी असर पड़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
केजरीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सुनी जानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें ई20 पेट्रोल से संबंधित कोई परेशानी हो रही है तो वे अपने अनुभव वीडियो के माध्यम से सोशल मीडिया पर साझा करें, ताकि यह मुद्दा व्यापक स्तर पर सामने आ सके।
अब इस मामले में केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया और प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से संभावित जवाब पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।



