देहरादून में 1.89 लाख वोट कटे, 163 नए मतदेय स्थल बने
डीएम ने राजनीतिक दलों को सौंपी ड्राफ्ट मतदाता सूची, त्रुटियां मिलने पर तत्काल सुझाव देने की अपील; 15 सितंबर को होगा अंतिम प्रकाशन
देहरादून जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान सबसे अधिक करीब 1.89 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। वहीं दूसरी ओर मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) की संख्या भी बढ़ा दी गई है। पहले जहां जिले में 1882 मतदान केंद्र थे, अब उनकी संख्या बढ़कर 2045 हो गई है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल, एएसडी वोटर, सर्विस वोटर और मतदान केंद्रों की सूची हार्ड कॉपी तथा पेन ड्राइव के माध्यम से उपलब्ध कराई। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि, विसंगति या आपत्ति दिखाई दे तो उसे तत्काल प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए।
प्रशासन के अनुसार, प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में देहरादून जिले के कुल 11,90,805 मतदाता पंजीकृत हैं। निर्वाचन विभाग निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण करेगा। इसके बाद संशोधित मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 सितंबर को किया जाएगा।



