दिल्ली के लोधी कॉलोनी में भीषण आग, घर में फंसी मां और दो बेटियों की दर्दनाक मौत

बी.के. दत्त कॉलोनी में सुबह लगी आग से मचा हड़कंप, दमकल की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में मंगलवार सुबह एक घर में भीषण आग लगने से एक ही परिवार की तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक मां और उसकी दो बेटियां शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा लोधी थाना क्षेत्र की बी.के. दत्त कॉलोनी में हुआ। सुबह करीब 10 बजकर 21 मिनट पर दमकल विभाग को आग लगने की सूचना मिली। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और घना धुआं फैल गया। स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देख तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

दमकलकर्मियों ने कई गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में मौजूद मां और उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं। तीनों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button