संजय सिंह ने अखिलेश से की मुलाकात
आरक्षण और संविधान के मुद्दे पर भाजपा के खिलाफ सड़क से संसद तक संघर्ष का एलान
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच आरक्षण, संविधान और पिछड़े वर्गों के अधिकारों समेत कई राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के बाद संजय सिंह ने इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की और भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए।
संजय सिंह ने कहा कि संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए भाजपा सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण को खत्म करने की कोशिशें फिर तेज की जा रही हैं और इसे हर हाल में नाकाम करना होगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश की 69 हजार शिक्षक भर्ती का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों के अधिकारों के साथ अन्याय हुआ है।
आप सांसद ने कहा कि पिछड़ों के अधिकारों की लड़ाई केवल राजनीतिक मंच तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सड़क से संसद और सुप्रीम कोर्ट तक इसे मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन सभी मुद्दों को लेकर अखिलेश यादव के साथ विस्तारपूर्वक बातचीत हुई है।
इस मुलाकात को उत्तर प्रदेश की राजनीति में विपक्षी दलों के बीच संभावित समन्वय के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आरक्षण और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर विपक्षी दल लगातार सरकार को घेरते रहे हैं। ऐसे में संजय सिंह और अखिलेश यादव की बैठक से राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।



