दिल्ली में सीजेपी प्रदर्शन को लेकर बरेली पुलिस अलर्ट, 28 महिला कांस्टेबल और एक दरोगा की लगी ड्यूटी
एसएसपी अनुराग आर्य ने जारी किए आदेश, जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी
बरेली। दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को देखते हुए बरेली पुलिस के जवानों की भी ड्यूटी लगाई गई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। जानकारी के मुताबिक, बरेली से 28 महिला कांस्टेबल और एक उपनिरीक्षक को दिल्ली भेजा जा रहा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की आशंका के चलते दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। राजधानी में अतिरिक्त पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बलों की तैनाती की तैयारी की गई है।
प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने कम समय पहले आवेदन दिए जाने और कानून-व्यवस्था संबंधी चिंताओं का हवाला दिया है। इसके बावजूद प्रदर्शन के आयोजन की घोषणा के मद्देनजर राजधानी और आसपास के राज्यों में पुलिस सतर्क है।
बरेली से भेजे जा रहे पुलिसकर्मियों की तैनाती दिल्ली में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग के लिए की जाएगी। एसएसपी के आदेश के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।





