राजनाथ सिंह के आरोपों पर कांग्रेस का पलटवार, पवन खेड़ा बोले- चुनाव से ही बदलेगी सरकार
1977 के सत्ता परिवर्तन का उदाहरण देकर भाजपा और आरएसएस पर साधा निशाना, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति बहाल करने की मांग।
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आरोपों पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि विपक्ष का उद्देश्य चुनाव के जरिए सरकार बदलना है। उन्होंने सवाल उठाया कि लोकतंत्र में चुनाव के माध्यम से सत्ता परिवर्तन की बात को गलत कैसे ठहराया जा सकता है।
खेड़ा ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें सत्ता से बाहर होने का डर सता रहा है। उन्होंने वर्ष 1977 में हुए सत्ता परिवर्तन का उदाहरण देते हुए कहा कि लोकतंत्र में सरकार बदलने का रास्ता चुनाव ही है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने पार्टी के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष सरकार की नीतियों का विरोध करने और चुनाव में उसे हराने का प्रयास कर रहा है।
दरअसल, राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर युवाओं को राजनीतिक टकराव का मोहरा बनाने और देश में बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश का आरोप लगाया था। खेड़ा ने सरकार से जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन की अनुमति बहाल करने की मांग भी की।





