फ्लोरिडा यूनिवर्सिटी के पास गोलीबारी, छह बच्चों समेत 12 घायल; तीन की हालत गंभीर
फुटबॉल मैच खत्म होने के बाद हुआ विवाद, भीड़भाड़ वाले इलाके में चलीं गोलियां; पुलिस जांच में जुटी
अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के टालाहैसी में फ्लोरिडा एएंडएम विश्वविद्यालय के पास गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। इस घटना में छह बच्चों समेत 12 लोग घायल हो गए, जबकि कम से कम तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय के ब्रैग स्टेडियम के पास फुटबॉल मैच खत्म होने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गोलियां चलने लगीं। घटना के समय विश्वविद्यालय में होमकमिंग सप्ताहांत के कार्यक्रम चल रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल, मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। विश्वविद्यालय ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी।





