कर्णप्रयाग मारपीट मामले में चारों निहंगों को बड़ी राहत, जिला एवं सत्र न्यायालय से मिली जमानत, कानूनी प्रक्रिया रहेगी जारी
मारपीट प्रकरण में गिरफ्तार चारों निहंगों को अदालत से जमानत मिली, मामले की सुनवाई अभी भी जारी रहेगी।
कर्णप्रयाग में हुए मारपीट प्रकरण में गिरफ्तार चारों निहंगों को जिला एवं सत्र न्यायालय से जमानत मिल गई है। अदालत के इस फैसले से आरोपियों को बड़ी राहत मिली है। इनमें से तीन निहंग जेल में बंद थे, जबकि एक का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमानत मंजूर की।
हालांकि न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि जमानत मिलने का अर्थ मामले का निस्तारण नहीं है। प्रकरण की सुनवाई आगे भी जारी रहेगी और साक्ष्यों के आधार पर न्यायिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 16 जून को स्थानीय लोगों और निहंगों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस ने जानलेवा हमले समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था, जिसे देखते हुए प्रशासन ने दोनों पक्षों के साथ संवाद स्थापित कर शांति बनाए रखने की अपील की। सोशल मीडिया पर वायरल भ्रामक पोस्टों पर भी पुलिस की नजर है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करने की अपील की है।


