बीकानेर हादसा: एक्सप्रेस-वे पर कार और ट्रक में भिड़ंत, आग लगने से ड्राइवर की जिंदा जलकर मौत, चार घायल

भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। कार और ट्रक की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में ट्रक ड्राइवर जिंदा जल गया, जबकि कार में सवार सरकारी टीचर की इलाज के दौरान मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

यह हादसा सुबह करीब 6:30 बजे नापासर थाना क्षेत्र के रायसर गांव के पास हुआ। हादसे के बाद अर्टिगा कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत कार सवारों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

परिवार के साथ लौट रहे थे सरकारी टीचर

जानकारी के अनुसार, मृतक शिक्षक की पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई है, जो लूणकरणसर के रहने वाले थे। वे अपने परिवार के साथ बाड़मेर से लौट रहे थे।
कार में उनकी पत्नी जमना देवी, रिश्तेदार दिनेश रामचंद्र और ज्योति भी सवार थे। रायसर गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में ट्रक ड्राइवर कालूराम ओझा (लूणकरणसर निवासी) की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।

इलाज के दौरान तोड़ा दम, चार घायल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हेड कॉन्स्टेबल किशन सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
सभी घायलों को बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शिक्षक संतोष कुमार की मौत हो गई।

नींद की झपकी बनी हादसे की वजह

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नींद की झपकी आने से कार नियंत्रण खो बैठी, जिससे वह पीछे से ट्रक में जा भिड़ी।
टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और ट्रक ड्राइवर बच नहीं सका।

Related Articles

Back to top button