जीजा ने साले को मारी गोली

प्रतापगढ़ में पारिवारिक विवाद के बीच जीजा ने लाइसेंसी पिस्टल से साले की गोली मारकर हत्या कर दी, घटना के बाद बाजार में तनाव फैल गया।

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मंगलवार सुबह पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मदाफरपुर बाजार में एक जीजा ने अपने साले की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान देवेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो मेडिकल स्टोर संचालक बताया जा रहा है। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी कपिल बुलेट से अपनी ससुराल पहुंचा था। वहां पहुंचने के बाद उसने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर घर से बाहर निकले देवेंद्र ने आरोपी को रोकने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि देवेंद्र ने उसके हाथ से पिस्टल नीचे गिराने के लिए डंडे से हमला किया। इसी दौरान आरोपी गुस्से में आ गया और उसने देवेंद्र पर गोली चला दी।

गोली देवेंद्र के सिर और दाहिने पैर में लगी। गंभीर रूप से घायल देवेंद्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

वहीं, घटना से नाराज बाजार के लोगों ने आरोपी की डंडे से पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की वजहों को खंगाला जा रहा है।

Related Articles

Back to top button