आईपीएल 2026 में चिन्नास्वामी स्टेडियम को मिली मैचों की मेजबानी की मंजूरी

सरकारी विशेषज्ञ समिति की हरी झंडी के बाद आरसीबी खेलेगी अपने घरेलू मुकाबले बेंगलुरु में

आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के प्रशंसकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। बेंगलुरु स्थित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को आगामी इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबलों की मेजबानी करने की मंजूरी मिल गई है। कर्नाटक सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति ने स्टेडियम की सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा के बाद यहां मैच आयोजित करने की अनुमति दे दी है।

रिपोर्ट के मुताबिक आरसीबी इस सीजन में अपने पांच घरेलू मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी। वहीं टीम के दो अन्य मुकाबले शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। आईपीएल 2026 का 19वां सत्र 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है और उद्घाटन मुकाबले में आरसीबी का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।

दरअसल पिछले साल जून 2025 में आरसीबी की ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद बेंगलुरु में जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल उठे थे।

इसी को ध्यान में रखते हुए कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) के अधिकारियों ने विशेषज्ञ समिति के सामने स्टेडियम में किए गए नए सुरक्षा इंतजामों और संचालन योजनाओं की विस्तृत प्रस्तुति दी। समीक्षा के बाद समिति ने मैचों के आयोजन को मंजूरी दे दी।

बताया जा रहा है कि आगामी सीजन में चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के घरेलू मुकाबलों के अलावा आईपीएल फाइनल मैच की मेजबानी भी यहीं हो सकती है। हालांकि टूर्नामेंट का पूरा कार्यक्रम अभी जारी होना बाकी है।

Related Articles

Back to top button