कोरबा में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश, कलेक्टर ने की मासिक समीक्षा बैठक
टीबी मुक्त अभियान, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, आयुष्मान कार्ड और अस्पताल अधोसंरचना सुधार पर दिए सख्त निर्देश

कोरबा में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, समयबद्धता और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों जैसे टीबी मुक्त अभियान, मलेरिया नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, सिकलसेल स्क्रीनिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण, एनसीडी और आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा सुनिश्चित की जाए तथा अस्पतालों का संचालन निर्धारित समय पर हो।
बैठक में कलेक्टर ने एनएचएम के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही डीएमएफ और अन्य योजनाओं के तहत नियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों की सेवाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। दूरस्थ क्षेत्रों में लैब टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट की उपलब्धता को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
टीबी मुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संदिग्ध मरीजों की जांच और उपचार में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निक्षय मित्र योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और व्यापक स्तर पर स्क्रीनिंग अभियान चलाने को कहा।
आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में डोर-टू-डोर सर्वे कर सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ा जाए।
मातृ स्वास्थ्य के तहत उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करने तथा शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा में सभी निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और यू-विन पोर्टल पर नियमित डेटा एंट्री सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
एनआरसी केंद्रों में शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी, समय पर भुगतान और मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश भी दिए गए। एनसीडी कार्यक्रम के तहत व्यापक स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने और लोगों की नियमित जांच कराने को कहा गया।
इसके साथ ही कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्रों की अधोसंरचना, निर्माणाधीन भवनों, जर्जर भवनों के सुधार, बाउंड्रीवाल, बोरवेल और अन्य सुविधाओं के विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 61.82 लाख रुपये की लागत से बने सर्वसुविधायुक्त आश्रयालय का लोकार्पण भी किया गया। इस सुविधा से मरीजों के परिजनों को ठहरने में बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम में मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रही है और आने वाले समय में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा।





