पिंजरे में मुर्गा खाकर भागा मगरमच्छ, वन विभाग का रेस्क्यू अभियान फेल

बुलंदशहर में मगरमच्छ पकड़ने की कोशिश नाकाम, वायरल वीडियो से उठे इंतजामों पर सवाल

बुलंदशहर के छतारी क्षेत्र के लालगढ़ी गांव में मगरमच्छ को पकड़ने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू अभियान उस समय सवालों के घेरे में आ गया, जब मगरमच्छ पिंजरे के भीतर रखा जीवित मुर्गा खाकर आराम से बाहर निकल गया। पिंजरे का दरवाजा समय पर बंद नहीं हो सका और पूरा अभियान विफल साबित हुआ। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, गांव के तालाब में कई दिनों से मगरमच्छ दिखाई देने के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। वन विभाग ने मगरमच्छ को पकड़ने के लिए विशेष पिंजरा लगाया और उसे आकर्षित करने के लिए भीतर एक जीवित मुर्गा रखा। रविवार सुबह मगरमच्छ पिंजरे में घुसा, मुर्गे को खाया और बिना किसी बाधा के बाहर निकल गया। तकनीकी खामी के कारण पिंजरे का दरवाजा बंद नहीं हो पाया।

वायरल वीडियो में मगरमच्छ को बेखौफ पिंजरे में प्रवेश करते और आसानी से बाहर निकलते देखा जा सकता है। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि तालाब के आसपास बच्चों और पशुओं की आवाजाही रहती है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पिंजरे में आई तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है। जल्द ही नया रेस्क्यू प्लान तैयार कर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button