‘रामायण’ में साई पल्लवी की ट्रोलिंग पर डिजाइनर्स का जवाब, बोले- ‘हम इसके लिए पहले से तैयार थे’
सीता और कैकेयी के लुक पर उठे सवालों के बीच कॉस्ट्यूम डिजाइनर्स ने कहा— हमारी प्राथमिकता किरदारों के प्रति ईमानदारी थी
रणबीर कपूर और साई पल्लवी अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ के ट्रेलर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर किरदारों के लुक को लेकर बहस तेज हो गई है। खासतौर पर माता सीता के रूप में साई पल्लवी की मॉडर्न स्टाइलिंग और कैकेयी के किरदार में लारा दत्ता के लुक को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। अब फिल्म के कॉस्ट्यूम डिजाइनर्स रिम्पल और हरप्रीत नरूला ने इस विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
रिम्पल नरूला ने कहा कि उन्हें पहले से अंदाजा था कि ‘रामायण’ जैसे महाकाव्य पर आधारित फिल्म में किरदारों के लुक, कॉस्ट्यूम और प्रस्तुति को लेकर तुलना और आलोचना जरूर होगी। उन्होंने कहा, “हमें पता था कि इस पर चर्चा होगी। रामायण पीढ़ियों से लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ी रही है। ऐसे में हर किसी की अपनी कल्पना और अपेक्षाएं होती हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि टीम ने हर कॉस्ट्यूम को गहन रिसर्च और रचनात्मक दृष्टिकोण के साथ तैयार किया है। उनका मानना है कि दर्शकों की अलग-अलग राय स्वाभाविक है, लेकिन पूरी टीम अपने काम के प्रति ईमानदार रही है और यही उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण बात है।
फिल्म के ट्रेलर के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने साई पल्लवी के सीता वाले लुक को लेकर सवाल उठाए, जबकि कुछ ने लारा दत्ता के कैकेयी अवतार की तुलना पुराने टीवी धारावाहिकों से की। वहीं, बड़ी संख्या में दर्शकों ने फिल्म के भव्य विजुअल्स और कलाकारों की प्रस्तुति की भी सराहना की।




