सरकार का बड़ा बयान: देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा, अफवाहों पर विराम
एलपीजी आपूर्ति, रिफाइनरी संचालन और ईंधन भंडार को लेकर सरकार ने दिया स्पष्ट आश्वासन, कमेटी गठित

नई दिल्ली में केंद्र सरकार ने देश में लॉकडाउन लगाए जाने की अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा हालात में किसी भी प्रकार के लॉकडाउन की कोई योजना नहीं है और जनता को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि देश की सभी रिफाइनरियां 100 प्रतिशत या उससे अधिक क्षमता पर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देश में एलपीजी उत्पादन में लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 14 मार्च के बाद से अब तक लगभग 30 हजार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा प्रवासी श्रमिकों को भी बड़ी संख्या में 5 किलो के एफटीएल सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि आवश्यक घरेलू जरूरतें पूरी की जा सकें।
सरकार ने यह भी बताया कि देश में पर्याप्त मात्रा में कच्चा तेल, पेट्रोल और डीजल का भंडार उपलब्ध है। हाल के दिनों में पेट्रोल पंपों पर जो भीड़ देखी गई है, वह पूरी तरह अफवाहों के कारण उत्पन्न हुई स्थिति है।
अधिकारियों के अनुसार, कमर्शियल एलपीजी कोटे को बढ़ाकर 70 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे रेस्तरां, होटल, ढाबे, औद्योगिक कैंटीन और अन्य श्रम-प्रधान उद्योगों को राहत मिलेगी। साथ ही शहरी गैस वितरण प्रणाली के तहत PNG कनेक्शन बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि अतिरिक्त 20 प्रतिशत आवंटन का लाभ पाने के लिए उपभोक्ताओं को तेल विपणन कंपनियों के साथ पंजीकरण करना आवश्यक होगा। राज्यों और जिला प्रशासन को वितरण में प्राथमिकता तय करने का अधिकार दिया गया है।
इसी बीच, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सकारात्मक संकेत मिले हैं, जहां ईरान ने भारतीय एलपीजी जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति देने पर सहमति जताई है। सरकार का कहना है कि यह कदम भारत की ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूत करेगा।




