दादी ने डीएम से लगाई गुहार, पोती पर मानसिक उत्पीड़न और घर से बेदखल करने का आरोप

देहरादून समाधान दिवस में 75 वर्षीय महिला ने सुनाई आपबीती, जिलाधिकारी ने महिला सेल को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयोजित समाधान दिवस के दौरान एक 75 वर्षीय वृद्ध महिला ने जिलाधिकारी के सामने अपनी पीड़ा बयां करते हुए पोती पर मानसिक उत्पीड़न और घर से बेदखल करने की कोशिश का आरोप लगाया। महिला ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की, जिसके बाद जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वृद्धा ने बताया कि बेटे के निधन के बाद वह अपने पुस्तैनी मकान में अकेली रह गई हैं। उनका आरोप है कि उनकी पोती गलत संगति और नशे की लत की गिरफ्त में है तथा अपने एक पुरुष मित्र के साथ उसी मकान में लिव-इन संबंध में रह रही है। महिला का कहना है कि दोनों उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर घर छोड़ने का दबाव बना रहे हैं।

समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने वृद्धा की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महिला सेल को पूरे मामले की जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में कुल 109 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें कई मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों को जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का कहना है कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Related Articles

Back to top button