स्वास्थ्य सेवाओं में होगा सुधार
मुख्य सचिव ने अस्पतालों को एनएबीएच मानकों से जोड़ने और ई-हॉस्पिटल व्यवस्था को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए।
देहरादून में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सचिवालय में हुई बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने की। बैठक में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़ी योजनाओं, अस्पतालों की स्थिति और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए जरूरी कदम तेजी से उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में निर्धारित मानकों का पालन भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी चिकित्सालयों को नेशनल एक्रीडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स यानी एनएबीएच से प्रत्यायन कराने पर जोर दिया। प्रथम चरण में सभी जिला अस्पतालों और बड़े उप जिला अस्पतालों का 31 मार्च 2027 तक एनएबीएच प्रत्यायन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इसके लिए प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए, ताकि अस्पताल निर्धारित मानकों को समय पर पूरा कर सकें। साथ ही अस्पतालों में सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए एनएबीएच के माध्यम से नियमित निरीक्षण की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया।
बैठक में ई-हॉस्पिटल व्यवस्था को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से मरीजों को अस्पतालों में पंजीकरण, उपचार और अन्य स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने को कहा।



