ट्रांसपोर्टर्स की बैठक में ट्रैफिक नियमों पर जोर, सुरक्षा को दी प्राथमिकता

डीएसपी सचिन शर्मा ने रविवार को पुलिस थाने में ट्रांसपोर्टर्स की बैठक ली। बैठक का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था।
डीएसपी शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर 4 नवंबर से 18 दिसंबर तक सड़क सुरक्षा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सभी विभागों को ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने ट्रांसपोर्टर्स से लेन ड्राइव सिस्टम का पालन करने और ड्राइवरों को नशे की हालत में वाहन न चलाने के निर्देश दिए। डीएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि हाईवे-48 पर गलत लेन में वाहन चलाने पर चालान किया जाएगा।
साथ ही उन्होंने कहा कि हाईवे किनारे वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित है, उल्लंघन पाए जाने पर वाहन जब्त किए जाएंगे। डीएसपी ने यह भी निर्देश दिया कि वाहनों की नंबर प्लेट पर ग्रीस या कवर लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करने से न केवल दुर्घटनाएं घटेंगी बल्कि यातायात भी सुचारू रहेगा।
बैठक में सब इंस्पेक्टर ओम प्रकाश सैनी, हेड कॉन्स्टेबल अमर सिंह मीणा, ट्रक यूनियन अध्यक्ष प्रद्युम्न यादव, समेत कई ट्रांसपोर्ट व्यवसायी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।




