वनडे विश्व कप जीत से भारतीय महिला टीम का बढ़ा आत्मविश्वास: हरमनप्रीत कौर

कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा—पहले ICC खिताब ने टीम को दी नई पहचान, अब टी20 विश्व कप में भी इतिहास दोहराने का लक्ष्य

नई दिल्ली, 26 मार्च। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान Harmanpreet Kaur ने कहा कि वनडे विश्व कप जीत ने टीम को नई पहचान और आत्मविश्वास दिया है। पिछले साल घरेलू मैदान पर ICC खिताब जीतने के बाद अब टीम दुनिया में कहीं भी जीत दर्ज करने का भरोसा रखती है।

हरमनप्रीत ने बताया कि किसी भी टीम के लिए खिताब जीतना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि इससे खिलाड़ियों की मेहनत को सही पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे सिर्फ मौजूदा टीम ही नहीं, बल्कि पूर्व महिला क्रिकेटरों की भी वर्षों की मेहनत शामिल है, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद खेल को आगे बढ़ाया।

उन्होंने आगे कहा कि टीम को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और समर्थन मिल रहा है, जो खिलाड़ियों के लिए बहुत मायने रखता है। भारतीय टीम अब आगामी ICC Women’s T20 World Cup में भी शानदार प्रदर्शन कर खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी।

हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मिली हार को लेकर हरमनप्रीत ने कहा कि इस सीरीज से टीम को काफी सीखने को मिला। उन्होंने बहु-प्रारूप (मल्टी-फॉर्मेट) सीरीज को चुनौतीपूर्ण लेकिन उपयोगी बताया, क्योंकि इससे खिलाड़ियों को अलग-अलग परिस्थितियों में खुद को साबित करने का मौका मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान द्वारका स्थित ओमेक्स स्टेडियम में उनके नाम पर स्टैंड का नामकरण भी किया गया, जिसे लेकर हरमनप्रीत भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का क्षण है और वह इसे अपनी मेहनत का फल मानती हैं।

Related Articles

Back to top button